छत्तीसगढ़
SBI के 4 अधिकारी गिरफ्तार, बंद खातों से लाखों की हेराफेरी का खुलासा
कवर्धा। जिले के बोड़ला SBI बैंक शाखा में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। पुलिस ने बैंक के चार अधिकारियों को गिरफ्तार किया है, जिन पर मृतकों के सालों से बंद पड़े खातों को फर्जी तरीके से एक्टिवेट कर लाखों रुपये की हेराफेरी करने का आरोप है।
यह मामला तब उजागर हुआ, जब खाताधारकों के परिजनों ने इस गड़बड़ी की शिकायत की। जांच में खुलासा हुआ कि अधिकारी बंद खातों को चालू कर उनमें गड़बड़ी कर रहे थे। पुलिस ने चारों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
वहीं खाताधारकों के रिश्तेदार सालो बाद बैंक गए तब उन्हें फर्जीवाड़ा का पता चला कि, उनके परिजन के खातों की राशि निकाल ली गई है। मामले की भनक जब परिजनों को लगी तो उन्होंने पुलिस में शिकायत की। पुलिस ने खोजबीन शुरू की तो पता चला कि, जो बैंक खाता सालों से बंद पड़े रहते हैं उसकी राशि आरबीआई के पास चली जाती थी। जिसे बैंक के अधिकारी चालाकी से खाते को पुनः एक्टिव कर उसमें की राशि आहरण कर लेते थे। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने तुरंत SBI बैंक के चार अधिकारियों को अलग-अलग स्थान से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, ऐसे कई खाते हैं जिनकी राशि इसी तरह से आहरित कर ली जाती है। सालों बीत जाने के कारण वास्तविक खातेदार भी इन खातों की पड़ताल नहीं करते हैं। जिसका लाभ बैंक के ही अधिकारी इसी तरह से उठाते हैं।


