छत्तीसगढ़ में खोले जाएंगे 67 मयखाने और 4000 सरकारी स्कूलों में लग जाएंगे ताले..
कांग्रेस पार्टी (Congress Party) की छात्र इकाई एनएसयूआई (NSUI) ने छत्तीसगढ़ सरकार (Chhattisgarh Government) पर गंभीर आरोप लगाए हैं. एनएसयूआई के पदाधिकारियों ने रविवार को धमतरी (Dhamtari) जिले में शासकीय आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (Government Model Higher Secondary School) के बाहर जमकर प्रदर्शन किया. इन लोगों का आरोप है कि सरकार युक्तियुक्तकरण के नाम नाम पर प्रदेश में 4 हजार स्कूलों को बंद करने जा रही है. वहीं, युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करते हुए 67 शराब की नई दुकान खोलने जा रही है.
लिहाजा, सरकारी की कथित इस गलत नीति के खिलाफ एनएसयूआई के पदाधिकारियों ने मोर्चा खोल दिया है. इसी कड़ी में रविवार को धमतरी जिले में शासकीय आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के बाहर स्कूली ड्रेस में बच्चों को बाहर बिठाकर और मुंह पर काली पट्टी व हाथों में तख्तियां लेकर सरकार की गलत नीति के खिलाफ प्रदर्शन किया.
हाथों में तख्तियां लेकर किया प्रदर्शन
एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर सरकार की गलत नीति के खिलाफ शक्ति प्रदर्शन किया. इस दौरान एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने कहा कि 4000 स्कूलों को बंद करने का फैसला लेकर और शराब दुकानों की संख्या को बढ़ाकर प्रदेश सरकार युवा पीढ़ी के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है.


