
Netagiri.in__कोरबा, 8 जनवरी__जिले में युक्तियुक्तकरण के बाद नई पदस्थापना पर ज्वाइनिंग नहीं करने वाले शिक्षकों के खिलाफ शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने दो सहायक शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
नवपदस्थ कलेक्टर ने जिले में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से स्पष्ट निर्देश जारी किए थे कि युक्तियुक्तकरण के बाद किसी भी हाल में नई पदस्थापना स्थल पर ज्वाइनिंग सुनिश्चित की जाए। इसके बावजूद आदेशों की अनदेखी करने पर अब कार्रवाई शुरू हो गई है।


जिला शिक्षा अधिकारी तामेश्वर उपाध्याय ने बताया कि प्राथमिक शाला भुलसीडीह में पदस्थ सहायक शिक्षक प्रवीण चंद्र पालिया का स्थानांतरण पोड़ी विकासखंड के प्राथमिक शाला बगनखापारा किया गया था, जबकि करतला विकासखंड के प्राथमिक शाला खरहरी में पदस्थ सहायक शिक्षक प्रमोद कुमार कैवर्त को प्राथमिक शाला बुदेलीपारा में पदस्थ किया गया था।
दोनों शिक्षकों ने तबादला आदेश से असंतुष्ट होकर न्यायालय की शरण ली थी, लेकिन वहां से भी कोई राहत नहीं मिली। इसके बाद विभाग द्वारा ज्वाइनिंग के लिए नोटिस जारी किया गया, बावजूद इसके दोनों शिक्षकों ने नई पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण नहीं किया।
लंबे समय से ज्वाइनिंग नहीं होने के कारण विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित हो रही थी और विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित हो रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर के अनुमोदन के बाद दोनों शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है।
डीईओ तामेश्वर उपाध्याय ने स्पष्ट किया है कि शिक्षा की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। युक्तियुक्तकरण के बाद भी ज्वाइनिंग से बचने वाले अन्य शिक्षकों पर भी आने वाले दिनों में इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी।


