
Netagiriin___.कोरबा — 06 जनवरी 2026
कोरबा नगर स्थित डी.डी.एम पब्लिक विद्यालय में28वां वार्षिक उत्सव “उड़ान” का आयोजन अत्यंत गरिमा, उल्लास और सांस्कृतिक भव्यता के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय प्रांगण विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं अतिथियों की उपस्थिति से उत्सवमय वातावरण में परिवर्तित हो गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री राजेश कुमार गुप्ता (एजीएम, सीईएल), अति विशिष्ट अतिथि श्री तामेश्वर प्रसाद उपाध्याय (डीईओ, कोरबा), विशेष अतिथि श्री कमलेश यादव (प्रेस), विद्यालय के संस्थापक श्री के.एन. सिंह, सीईओ श्री अमर नारायण सिंह तथा प्रधानाचार्य सुश्री रिंकू बैरागी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं गणेश वंदना के साथ किया गया। मंगलाचरण ने पूरे सभागार को सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया।

इसके पश्चात नन्हे विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत ने उपस्थित अतिथियों का भावपूर्ण स्वागत किया। वार्षिक उत्सव की थीम “उड़ान” के अंतर्गत लगभग 600 विद्यार्थियों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से यह संदेश दिया कि प्रत्येक बच्चा सपने देखने और उन्हें साकार करने की क्षमता रखता है।
रंगारंग नृत्य प्रस्तुतियों में बच्चों की ताल, लय और भाव-भंगिमाओं ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। नृत्य एवं मंचीय प्रस्तुतियों के माध्यम से परिश्रम, अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच जैसे मूल्यों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। साथ ही प्रकृति संरक्षण, जल संवर्धन, स्वच्छता, अंतरिक्ष विज्ञान तथा अनेकता में एकता जैसे सामाजिक विषयों को कलात्मक रूप में सजीव किया गया। बच्चों का आत्मविश्वासपूर्ण मंच संचालन देखकर अभिभावक एवं अतिथिगण भावविभोर हो उठे।
मुख्य अतिथि श्री राजेश कुमार गुप्ता ने अपने उद्बोधन में विद्यालय की सराहना करते हुए कहा कि यहां शिक्षा के साथ व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत और अनुशासन को जीवन की सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
अति विशिष्ट अतिथि श्री तामेश्वर प्रसाद उपाध्याय ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों के सर्वांगीण विकास को दिशा मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों को ऊंचे लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम के माध्यम से सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। विशेष अतिथि श्री कमलेश यादव ने बच्चों की प्रस्तुतियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इनमें विद्यार्थियों की मेहनत और विद्यालय के श्रेष्ठ मार्गदर्शन की झलक स्पष्ट दिखाई देती है।
विद्यालय के सीईओ श्री अमर नारायण सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि वास्तविक उड़ान हर उस क्षण से शुरू होती है जब सीखने की ललक जागती है। विद्यालय विद्यार्थियों को हर वह अवसर और मंच उपलब्ध कराएगा, जिससे वे अपने सपनों को साकार कर सकें।
प्रधानाचार्य सुश्री रिंकू बैरागी ने विद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि विद्यालय में बच्चों के बौद्धिक, शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक विकास पर समान रूप से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने अभिभावकों के सहयोग एवं विश्वास के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर वर्ष 2025-26 में शिक्षा, खेल, कला एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों कुशल साहू, अक्षत साहू, अश्विन श्रीवास, कशिश देवांगन एवं शान्वी चतुर्वेदी को सम्मानित किया गया।
वार्षिक उत्सव “उड़ान” ने यह संदेश दिया कि डी.डी.एम पब्लिक विद्यालय विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि संस्कार, आत्मविश्वास और उज्ज्वल भविष्य की ऊंची उड़ान के लिए सशक्त मंच प्रदान कर रहा है। कार्यक्रम की सफलता में विद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा। अंत में शिक्षिका श्रीमती अर्चना सिंह ने आभार प्रदर्शन कर कार्यक्रम का समापन किया।


