Sonia Gandhi Legal Notice: सोनिया गांधी की किताब पर बवाल, 15 दिन में जवाब नहीं मिला तो कोर्ट जाएंगे सत्यकी सावरकर

Sonia Gandhi Legal Notice: कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की नई किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। वीर सावरकर पर कथित तौर पर गलत और मानहानिकारक टिप्पणी करने के आरोप में उन्हें कानूनी नोटिस भेजा गया है। यह नोटिस वीर सावरकर के पड़पोते सत्यकी सावरकर की ओर से भेजा गया है। इसमें किताब में किए गए दावों को साबित करने के लिए तथ्य और सबूत मांगे गए हैं।
सत्यकी सावरकर ने सोनिया गांधी को जवाब देने के लिए 15 दिन का समय दिया है। अगर तय समय में जवाब नहीं मिलता है, तो वह पुणे जिला अदालत में याचिका दाखिल कर सकते हैं। फिलहाल यह कानूनी कार्रवाई मानहानि के आरोपों तक सीमित है।

किताब के पेज 201 और 443 पर उठाए सवाल
सत्यकी सावरकर के वकील कोल्हटकर के मुताबिक, सोनिया गांधी की किताब के पेज नंबर 201 और 443 पर वीर सावरकर को लेकर कुछ ऐसे दावे किए गए हैं, जिन्हें गलत और मानहानिकारक बताया जा रहा है।
कानूनी नोटिस के जरिए सोनिया गांधी से इन दावों का आधार स्पष्ट करने और उन्हें साबित करने वाले दस्तावेज या सबूत पेश करने को कहा गया है।
वकील ने बताया कि फिलहाल मामले में मानहानि को मुख्य आधार बनाया गया है। हालांकि, अन्य कानूनी प्रावधानों को लेकर भी रिसर्च की जा रही है। जरूरत पड़ने पर आगे अतिरिक्त कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
CG News : ‘जय श्रीराम’ के नारों को लेकर प्रदीप गौर का चौंकाने वाला बयान, छत्तीसगढ़ में सियासी घमासान
शिवसेना नेताओं ने किताब के पन्ने फाड़कर जताया था विरोध
इससे पहले भी सोनिया गांधी की किताब को लेकर राजनीतिक विवाद देखने को मिला था। शिवसेना नेताओं शाइना एनसी, संजय निरुपम और आनंद दुबे ने किताब के कुछ पन्ने फाड़कर प्रतीकात्मक विरोध जताया था।
इन नेताओं ने किताब के प्रकाशक हार्परकॉलिन्स से पेज 201 और 443 पर मौजूद विवादित अंशों को हटाने की मांग भी की थी।
कब लॉन्च हुई थी सोनिया गांधी की किताब?
सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ 10 नवंबर को बाजार में आई थी। वहीं, इसकी औपचारिक लॉन्चिंग 16 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान हुई थी।
फिलहाल इस किताब को लेकर विवाद कानूनी मोड़ ले चुका है। अब देखना होगा कि सोनिया गांधी की ओर से कानूनी नोटिस का क्या जवाब दिया जाता है और मामला अदालत तक पहुंचता है या नहीं।


