
IND vs NZ 2nd Test: भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा और निर्णायक मुकाबला क्राइस्टचर्च के हेगली ओवल मैदान पर खेला जा रहा है। इस मुकाबले में भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। भारतीय प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव किया गया है, जबकि न्यूजीलैंड की टीम बिना किसी बदलाव के मैदान पर उतरी है। खास बात यह है कि अनुभवी ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा और तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को लगातार दूसरे टेस्ट में भी प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली है।

गुरनूर बरार को मिला टेस्ट डेब्यू का मौका
दूसरे टेस्ट मुकाबले में भारतीय टीम ने युवा तेज गेंदबाज गुरनूर बरार को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया है। यह उनके टेस्ट करियर का पहला मुकाबला है। गुरनूर पहले टेस्ट मैच के लिए भारतीय टीम का हिस्सा नहीं थे। वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन के बाद उन्हें टेस्ट टीम में शामिल किया गया।
गुरनूर बरार भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलने वाले 321वें खिलाड़ी बन गए हैं। टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने उन्हें टेस्ट डेब्यू कैप सौंपी। पंजाब की ओर से घरेलू क्रिकेट खेलने वाले गुरनूर अपनी लंबाई और तेज गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं।
Salman Khan Pan Masala Ad: सलमान खान के विज्ञापन पर उपभोक्ता आयोग सख्त, 19 जनवरी 2027 को अगली सुनवाई
प्रसिद्ध कृष्णा की जगह टीम में आए गुरनूर बरार
भारतीय टीम ने प्लेइंग इलेवन में गुरनूर बरार को प्रसिद्ध कृष्णा की जगह मौका दिया है। इसके अलावा टीम में कोई दूसरा बदलाव नहीं किया गया है।
गुरनूर के प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने भारत के लिए अब तक 13 वनडे मुकाबलों में 23 विकेट हासिल किए हैं। वहीं, फर्स्ट क्लास क्रिकेट के 22 मैचों में उनके नाम 71 विकेट दर्ज हैं।
दूसरी तरफ, मोहम्मद सिराज और रविंद्र जडेजा को एक बार फिर बेंच पर बैठना पड़ा है। भारतीय टीम ने स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर के तौर पर वॉशिंगटन सुंदर पर भरोसा जताया है।
भारत और न्यूजीलैंड की प्लेइंग इलेवन
भारतीय टीम: केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, ध्रुव जुरेल, आकाश दीप, अंशुल कंबोज, गुरनूर बरार और जसप्रीत बुमराह।
न्यूजीलैंड टीम: टॉम लैथम (कप्तान), डेवोन कॉनवे, हेनरी निकोल्स, रचिन रविंद्र, डैरिल मिचेल, टॉम ब्लंडेल (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, नाथन स्मिथ, काइल जैमीसन, मैट हेनरी और जैकब डफी।
सीरीज में जीत के इरादे से उतरी दोनों टीमें
दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला ड्रॉ रहा था। ऐसे में दूसरा टेस्ट दोनों टीमों के लिए काफी अहम है। इस मुकाबले में जीत दर्ज करने वाली टीम सीरीज अपने नाम कर सकती है। भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी है और अब गेंदबाजों पर न्यूजीलैंड को जल्द आउट करने की जिम्मेदारी होगी।



