कोरबा। जिले में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो शिक्षकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा दीपका-कुचेना मार्ग पर शक्तिनगर के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार, सेंट जेवियर स्कूल, कोरबा के चार कर्मचारी एक बारात से लौट रहे थे। रात करीब 12 बजे उनकी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। हादसे में कार के आगे की सीट पर बैठे खरमोरा निवासी 31 वर्षीय हिमांशु सिंह और एमपी नगर निवासी 30 वर्षीय सुभम दीप की मौके पर ही मौत हो गई।
कार की पिछली सीट पर बैठे चंद्रभान और सत्यदेव गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत कोरबा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही दीपका थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सहायक उप-निरीक्षक खगेश राठौर ने बताया कि पुलिस ने शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
हादसे के बाद स्कूल स्टाफ और मृतकों के परिजन मौके पर पहुंचे। पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय कार की रफ्तार बहुत तेज थी, जिससे नियंत्रण खोने के बाद यह भीषण दुर्घटना हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




