
Netagiri.in___दीपका थाना क्षेत्र के नागिन झोरखी इलाके में 24 वर्षीय युवती की निर्मम हत्या के मामले को पुलिस ने कुछ ही घंटों में सुलझा लिया है। मृतका रानू साहू की हत्या के आरोप में पुलिस ने राहुल जोगी (26 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना के समय रानू साहू घर में अकेली थी। उसके पिता रामकुमार साहू और मां किसी काम से बाहर गए हुए थे। शाम करीब 7 बजे जब परिजन लौटे तो उन्होंने रानू को खून से लथपथ हालत में मृत पाया। यह दृश्य देखकर घर में चीख-पुकार मच गई, जिसके बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया।
पुराना विवाद बना हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी राहुल जोगी, निवासी नूनेरा बांधाखार, पेशे से ट्रक चालक है और मृतका से उसकी पहले से जान-पहचान थी। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। प्रारंभिक जांच में इसी विवाद को हत्या का कारण बताया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है और हत्या में प्रयुक्त साधनों व अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।



