छत्तीसगढ़ में बड़ी कार्रवाई NHM हड़ताल पर सरकार का डंडा – 25 अधिकारी-कर्मचारी बर्खास्त, बाकी पर भी गिरेगी गाज… अब सवाल ….. क्या यह सख्ती हड़ताल खत्म करवाएगी या कर्मचारियों का आंदोलन और उग्र होगा?
Netagiri.in—-**रायपुर, 03 सितम्बर 2025।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, छत्तीसगढ़ (NHM) के अधिकारियों और कर्मचारियों की 18 अगस्त से जारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर आखिरकार राज्य सरकार ने सख्ती दिखाई है। शासन ने हड़ताल खत्म करने के बार-बार नोटिस और आदेशों की अनदेखी करने वाले 25 अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी हैं।
दरअसल, 13 अगस्त को कार्यकारिणी समिति की बैठक में कर्मचारियों की 10 में से 5 मांगें मान ली गई थीं और शेष पर विचार चल रहा था। बावजूद इसके कर्मचारी हड़ताल पर डटे रहे। सचिव स्वास्थ्य अमित कटारिया ने 29 अगस्त को आदेश जारी कर सभी को काम पर लौटने के निर्देश दिए थे और ऐसा न करने पर बर्खास्तगी की चेतावनी दी थी।
सरकार ने साफ कहा है कि जनहित से जुड़े कार्यों में बाधा किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं होगी। हड़ताल के कारण अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा गईं और मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
स्वास्थ्य विभाग का स्पष्ट मत है कि यह आंदोलन नियम विरुद्ध आचरण की श्रेणी में आता है। सरकार ने संकेत दिए हैं कि बर्खास्तगी की कार्रवाई यहीं तक सीमित नहीं रहेगी, बाकी हड़ताली कर्मियों पर भी जल्द गाज गिर सकती है।
—
अब सवाल उठता है – क्या यह सख्ती हड़ताल खत्म करवाएगी या कर्मचारियों का आंदोलन और उग्र होगा?


