ACB की बड़ी कार्रवाई: SDM कार्यालय का बाबू एक लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

Netagiri.in—-नए वर्ष की शुरुआत के साथ ही छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। रायगढ़ जिले के धर्मजयगढ़ स्थित SDM कार्यालय में पदस्थ बाबू अनिल कुमार चेलक को एक ग्रामीण से एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मामला जमीन के नामांतरण से जुड़ा है। शिकायतकर्ता ग्रामीण ने ACB से शिकायत की थी कि उसकी जमीन की रजिस्ट्री और नामांतरण की प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है, इसके बावजूद संबंधित बाबू दस्तावेजों को गलत बताते हुए कार्रवाई की धमकी दे रहा था और मामले को “सुलझाने” के लिए पैसों की मांग कर रहा था।
शिकायत की प्राथमिक जांच में रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद आरोपी ने पहली किश्त के रूप में एक लाख रुपये लेने की सहमति दी। ACB द्वारा बिछाए गए जाल के तहत तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता ने आरोपी के शासकीय आवास पर जाकर रकम सौंपी।
रकम हाथ में लेते ही आरोपी को संदेह हुआ और घबराहट में उसने रिश्वत की राशि अपने आवास के पीछे फेंक दी, लेकिन सतर्क ACB टीम ने मौके से पूरी रकम बरामद कर ली। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि डर के कारण उसने पैसे छिपाने की कोशिश की थी।
इसके बाद ACB ने आरोपी को गिरफ्तार कर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 के तहत मामला दर्ज किया। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और अन्य संभावित पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
ACB की इस कार्रवाई को नए साल में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है।


