ADANI - HALF PAGE_page-0001
ADANI - HALF PAGE_page-0001
राजनीति

 राजधानी में प्रचार के दौरान भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल पर हमला, कार्यकर्ताओं ने किया थाने का घेराव

 भाजपा के वरिष्ठ नेता और रायपुर दक्षिण से प्रत्याशी बृजमोहन अग्रवाल पर प्रचार के दौरान गुरुवार देर शाम को हमला कर दिया गया। बृजमोहन बैजनाथ पारा में प्रचार के लिए पहुंचे थे। इस दौरान उनसे धक्का-मुक्की की गई। इसकी जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में उनके समर्थक कोतवाली थाने पहुंच गए। उन्होंने थाने का घेराव कर कांग्रेस सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर घंटों प्रदर्शन चलता रहा।

समर्थकों आरोप है कि बृजमोहन अग्रवाल मौलाना अब्दुल रऊफ वार्ड में प्रचार कर रहे थे। एवरग्रीन चौक के पास कुछ लोग बृजमोहन के पास आए और उन्हें कहा कि इस वार्ड में घुसने की हिम्मत कैसे हुई और उनके साथ धक्का-मुक्की की, फिर फरार हो गए। इसके बाद हंगामा शुरू हो गया।

महापौर पर हत्या करवाने का आरोप

बृजमोहन अग्रवाल अपने समर्थकों के साथ सीधे कोतवाली थाना पहुंचे। वहीं उन्होंने मीडिया से कहा कि महापौर एजाज ढेबर उनकी हत्या करवाना चाहते थे। किसी कदर वहां से निकले। अग्रवाल ने बताया कि जनसंपर्क अभियान के लिए स्वामी विवेकानंद वार्ड और बैजनाथ पारा वार्ड में निकले थे। जैसे ही ब्रिस्टल चौक पर पहुंचे, कुछ लोगों ने हमला करने की कोशिश की। पीएसओ तुरंत मुझे पकड़ कर ले गए। इस दौरान कार्यकर्ताओं के साथ झूमा झटकी हुई। उन्होंने कांग्रेस सरकार और पुलिस के संरक्षण में गुंडागर्दी का आरोप लगाया।

कोतवाली थाने पहुंचे सैकड़ों कार्यकर्ता

रायपुर दक्षिण से विधायक बृजमोहन अग्रवाल पर हमले की खबर सुनते ही सैकड़ों कार्यकर्ता थाने पहुंच गए। थाने के बाहर जमकर नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस के आला अधिकारी के साथ बल भी मौजूद रहा।

चुनाव हारते देख बृजमोहन कर रहे नौटंकी : कांग्रेस

भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल द्वारा अपने ऊपर हमले के दावे को लेकर प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि उनके ऊपर कोई हमला नहीं हुआ है, यह चुनाव हारते हुए प्रत्याशी की नई नौटंकी है। बृजमोहन अग्रवाल का सारा चुनावी मैनेजमेंट महंत रामसुंदर दास की सरलता और निश्छलता के सामने फेल हो गया है। दक्षिण क्षेत्र में ही मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का चुनाव प्रचार कार्यक्रम था। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को मिले जनसमर्थन से बृजमोहन अग्रवाल बौखला गए। इसी बौखलाहट में वे सहानुभूति पाने के लिए नौटंकी कर रहे हैं।

Netagiri

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!