Netagiri.in—रायपुर:- छत्तीसगढ़ मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर नई दिल्ली से एक बड़ी खबर निकलकर सामने आई है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपने मंत्रिमण्डल का विस्तार कर सकते हैं। माना जा रहा है कि 7 या 10 दिसंबर तक नए मंत्रियों को शपथ दिलाई जा सकती है. हालांकि इसकी पुष्टि नही हो सकी है.
भाजपा से जुड़े शीर्षस्थ सूत्रों ने बताया कि मंत्रिमण्डल फेरबदल में दो नए विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई जा सकती है। वर्तमान मंत्रिमण्डल में से एक—दो चेहरे बदलने की अटकलें हैं हालांकि अधिकृत तौर पर अभी कुछ साफ नही हो सका है। लेकिन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का दिल्ली दौरा और वहां पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद मंत्रिमण्डल विस्तार की अटकलें लगाई जा रही हैं।
हालांकि इसे लेकर दो तरह के मत हो गए हैं। पार्टी का एक गुट मानता है कि नगर निगम चुनाव के बाद विस्तार किया जाना चाहिए, जबकि दूसरा गुट का मानना है कि एक साल हो गए हैं, दो मंत्री पद रिक्त हैं। बहुत से विभागों में काम थम सा गया है। विधायक भी काम जल्द ना होने से परेशान हैं हालांकि इसके प्रभारी मंत्री तय हैं लेकिन फिर भी काम का बोझ ज्यादा होने के कारण फाइलें अटकी पड़ी हैं.
इन परिस्थितियों से जहां पार्टी के नेता परेशान हैं तो कार्यकर्ता भी उपेक्षित महसूस कर रहा है। एक साल के बाद भी ना तो उसकी पूछपरख है और ना ही काम हो रहे हैं। फिर स्थानीय नगरीय चुनाव भी होने हैं, एक साल के अंदर सरकार की वह छबि भी नही बन सकी है जिसकी उम्मीद पार्टी को थी। ऐसे में मंत्रिमण्डल विस्तार जरूरी हो गया है।
- कई चेहरे मंत्री पद की दौड़ में
पहले मंत्रिमण्डल विस्तार में अधिकांश पहली बार चुने गए विधायक मंत्री बनाये गये थे जिसका कुछ विशेष लाभ या प्रभाव दिखाई नही दे रहा है। कार्यकर्ता से लेकर आम जनता तक यह मान रही है कि एक दो मंत्री को छोड़ दें तो अधिकांश नए मंत्री ना तो काम कर पा रहे हैं और ना ही
परिणाम दे रहे हैं। ऐसे में कुछ चेहरों को बदलने की संभावना है। जबकि दो नए मंत्री बनाए जाने हैं संभावना यह भी है कि मंत्रिमंडल का विस्तार करते हुए एक मंत्री की संख्या और बढ़ाई जा सकती है जिसके लिए बस्तर और रायपुर संभाग से चेहरे देखे जा रहे हैं। बिलासपुर से विधायक धरम लाल कौशिक या अमर अग्रवाल की कोशिश तो जारी है लेकिन बताया जा रहा है कि बिलासपुर से ही तोखन साहू को केंद्रीय मंत्री बनाया गया है डिप्टी सीएम अरुण साव बिलासपुर से ही है ऐसे में न्यायधानी बिलासपुर से मंत्री देने की संभावना बहुत कम नजर आ रही है जबकि प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव का चुनाव संचालन सकारात्मक रहा है और बीजेपी ने जीत दर्ज कराते हुए प्रदेश में सरकार बनाई है ऐसे में बस्तर से किरन सिंह देव को मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है
तो वही रायपुर से बृजमोहन अग्रवाल के खास रायपुर विधायक सुनील सोनी को मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है हालांकि मंत्री पद के लिए अन्य दावेदारों के नाम भी है जिसमें राजेश मूणत, अजय चंद्राकर,पुरंदर मिश्रा शामिल हैं हालांकि राजेश मूणत और अजय चंद्राकर पहले भी 10 साल मंत्री रह चुके हैं ऐसे में इनको मंत्री पद दोबारा मिले इसकी संभावना कम है और अब ऐसे में विधायक सुनील सोनी को लेकर पार्टी फैसला ले सकती है


