ADANI - HALF PAGE_page-0001
ADANI - HALF PAGE_page-0001
छत्तीसगढ़

CG Crime News : दीपक टंडन पर शिकंजा, रायपुर, कोरबा, सक्ती और बिलासपुर में 8 FIR, पुलिस ने मांगी 3 दिन की रिमांड

CG Crime News: रायपुर। छत्तीसगढ़ में करीब 1 करोड़ 27 लाख रुपए की कथित ठगी, ब्लैकमेलिंग और धमकी के मामलों में घिरे होटल कारोबारी दीपक टंडन को रायपुर पुलिस ने मंगलवार को कोर्ट में पेश किया। इस दौरान कोर्ट परिसर में सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात रहा। पेशी के दौरान आरोपी दीपक टंडन हथकड़ी पहने हंसता नजर आया। उसने मीडिया कैमरों के सामने थम्स-अप का इशारा भी किया। आरोपी के खिलाफ रायपुर, कोरबा, सक्ती और बिलासपुर में कुल 8 FIR दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

दीपक टंडन पर नेताओं और वरिष्ठ अधिकारियों से पहचान होने का दावा कर लोगों को ठगने, ब्लैकमेलिंग करने और धमकाने के आरोप हैं। रायपुर के तेलीबांधा थाने में उसके और उसकी पत्नी बरखा टंडन के खिलाफ पांच FIR दर्ज हैं। वहीं, अन्य जिलों में भी उसके खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।

SECL में ठेका दिलाने के नाम पर 56 लाख की ठगी का आरोप

दीपक टंडन के खिलाफ हाल ही में दर्ज आठवीं FIR में SECL कोरबा में सिक्योरिटी गार्ड की तैनाती और कोल ट्रांसपोर्टिंग का ठेका दिलाने के नाम पर 56 लाख रुपए की धोखाधड़ी का आरोप है।

शिकायतकर्ता विकास कुमार नागले और श्याम सिंह ठाकुर के मुताबिक, आरोपी ने ठेका दिलाने का भरोसा देकर सिक्योरिटी एजेंसी के मैनेजर विकास कुमार नागले से 25 लाख रुपए और एजेंसी संचालक श्याम सिंह ठाकुर से 31 लाख रुपए लिए थे।

आरोप है कि रकम लेने के बाद भी ठेका नहीं मिला। जब दोनों ने पैसे वापस मांगे तो आरोपी टालमटोल करने लगा। रकम लौटाने के लिए दिए गए दोनों चेक भी बैंक में बाउंस हो गए। इसी मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस ने आगे की पूछताछ के लिए तीन दिन की रिमांड मांगी है।

रायपुर के तेलीबांधा थाने में दर्ज हैं पांच FIR

दीपक टंडन और उसकी पत्नी बरखा टंडन के खिलाफ रायपुर के तेलीबांधा थाने में अलग-अलग शिकायतों पर पांच FIR दर्ज होने की जानकारी है।

1. होटल पर कब्जा और धमकी देने का आरोप

शिकायतकर्ता सरिता वाजपेयी ने आरोप लगाया है कि VIP रोड स्थित साधना मंडप (होटल वेलकम श्री) की लीज समाप्त होने के बाद भी दीपक टंडन ने कब्जा नहीं छोड़ा। नगर निगम की सील तोड़ने, जबरन प्रवेश करने, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं। इस मामले में उसकी पत्नी बरखा टंडन भी आरोपी है।

2. जमीन और रेस्टोरेंट बेचने के नाम पर 36 लाख की धोखाधड़ी

शिकायतकर्ता आशीष जायसवाल के मुताबिक, आरोपी ने 16,500 वर्गफीट जमीन और एटमॉस्फिरिया रेस्टोरेंट बेचने का सौदा किया था। इस दौरान करीब 36 लाख रुपए लेने का आरोप है। शिकायत में कहा गया है कि संबंधित जमीन दीपक टंडन और बरखा टंडन के नाम पर नहीं थी।

3. फॉर्च्यूनर बेचने के नाम पर 20 लाख की ठगी

आशीष जायसवाल की एक अन्य शिकायत में 2023 मॉडल टोयोटा फॉर्च्यूनर लीजेंडर बेचने के नाम पर 20 लाख रुपए लेने का आरोप लगाया गया है। शिकायत के मुताबिक, रकम लेने के बाद न तो गाड़ी दी गई और न ही पैसे वापस किए गए।

सक्ती में सरकारी कोयला टेंडर के नाम पर 15 लाख लेने का आरोप

दीपक टंडन के खिलाफ सक्ती जिले के सिटी कोतवाली में भी मामला दर्ज है। शिकायतकर्ता किशन शर्मा के अनुसार, मार्च 2022 में आरोपी ने बड़े अधिकारियों से पहचान होने का दावा करते हुए सरकारी कोयला टेंडर दिलाने का भरोसा दिया था।

आरोप है कि इस काम के बदले 15 लाख रुपए लिए गए। रकम की गारंटी के तौर पर बंद बैंक खाते का चेक दिए जाने की बात भी शिकायत में सामने आई है।

AI से आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बनाकर वायरल करने का आरोप

बिलासपुर में एक मीडियाकर्मी की शिकायत पर भी दीपक टंडन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि AI तकनीक का इस्तेमाल कर आपत्तिजनक फोटो और वीडियो तैयार किए गए और उन्हें न्यूज पोर्टल तथा सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया। शिकायत में ब्लैकमेलिंग और भ्रामक सामग्री फैलाने के आरोप भी लगाए गए हैं। इसी मामले में बिलासपुर पुलिस ने दीपक टंडन को गिरफ्तार किया था।

कोर्ट में पेशी, पुलिस ने मांगी तीन दिन की रिमांड

कथित 56 लाख रुपए की धोखाधड़ी के मामले में रायपुर पुलिस ने दीपक टंडन को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया। कोर्ट परिसर में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। पुलिस ने आरोपी से रकम के लेन-देन, ठेका दिलाने के नाम पर किए गए कथित वादों और अन्य संबंधित तथ्यों की पूछताछ के लिए तीन दिन की रिमांड मांगी है।

फिलहाल आरोपी के खिलाफ अलग-अलग जिलों में दर्ज मामलों की जांच जारी है। पुलिस की पूछताछ में ठगी के कथित नेटवर्क और अन्य शिकायतों से जुड़े नए तथ्य सामने आने की संभावना है।

Netagiri

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!