ADANI - HALF PAGE_page-0001
ADANI - HALF PAGE_page-0001
छत्तीसगढ़

Chhattisgarh IT Raid : रायगढ़ में श्रवण अग्रवाल और कमल अग्रवाल के ठिकानों पर आयकर विभाग की दबिश

Chhattisgarh IT Raid रायपुर/रायगढ़। छत्तीसगढ़ में बुधवार सुबह आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच जिलों में एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी की है। रायपुर, रायगढ़, दुर्ग, बिलासपुर और जांजगीर-चांपा में आयकर विभाग की 16 से अधिक टीमों ने तड़के सुबह करीब 5 से 6 बजे दबिश दी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई कर चोरी से जुड़ी शिकायतों और सूचनाओं के आधार पर की जा रही है। अधिकारियों की टीमें कारोबारियों के आवास, कार्यालय और औद्योगिक परिसरों में पहुंचकर टैक्स से संबंधित दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं।

16 टीमों ने पांच जिलों में एक साथ की छापेमारी

जानकारी के मुताबिक, आयकर विभाग ने इस कार्रवाई के लिए 16 अलग-अलग टीमें गठित की थीं। इन टीमों ने बुधवार सुबह एक साथ अलग-अलग जिलों में छापेमारी शुरू की। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी संख्या में बल भी तैनात किया गया है। अचानक हुई इस कार्रवाई से कारोबारी और औद्योगिक जगत में हड़कंप मचा हुआ है।

रायगढ़ में बर्बरीक ग्रुप, सन स्टील और रायगढ़ इस्पात के ठिकानों पर रेड

रायगढ़ में आयकर विभाग की कार्रवाई का दायरा बड़े औद्योगिक समूहों तक पहुंचा है। बर्बरीक ग्रुप, सन स्टील और रायगढ़ इस्पात के कार्यालयों, उद्योग परिसरों और उनसे जुड़े कारोबारियों के आवासों पर अधिकारियों ने दबिश दी है।

जानकारी के अनुसार, रायगढ़ इस्पात से जुड़े उद्योगपति श्रवण अग्रवाल और कमल अग्रवाल के घर, कार्यालय और औद्योगिक परिसरों में भी जांच की जा रही है। करीब 3 से 4 ठिकानों पर एक साथ पहुंची टीमों ने सुबह से ही टैक्स संबंधी दस्तावेजों और डिजिटल खातों को खंगालना शुरू कर दिया।

रायपुर में PRA ग्रुप समेत कई ठिकाने आयकर विभाग के निशाने पर

राजधानी रायपुर में भी आयकर विभाग की कई टीमें अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर रही हैं। चंदखुरी के बहनाकाड़ी गांव स्थित एक फैक्ट्री में दबिश दिए जाने की जानकारी सामने आई है। वहीं तेलीबांधा रिंग रोड-1 स्थित PRA ग्रुप के कार्यालय में भी आयकर विभाग की टीम जांच कर रही है।

इसके अलावा रिंग रोड, शंकर नगर और खम्हारडीह इलाके में भी छापेमारी की खबर है। अधिकारियों द्वारा संबंधित ठिकानों पर दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।

कर चोरी की सूचना पर कार्रवाई की चर्चा, बड़े खुलासों की संभावना

प्रदेश के पांच जिलों में एक साथ हुई इस कार्रवाई को कर चोरी से जुड़ी सूचनाओं के आधार पर की गई जांच से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, आयकर विभाग की ओर से अभी तक कार्रवाई के कारणों, जांच में मिले दस्तावेजों या किसी वित्तीय अनियमितता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

फिलहाल सभी ठिकानों पर आयकर विभाग की जांच जारी है। कार्रवाई पूरी होने के बाद ही पता चल सकेगा कि जांच में कौन-कौन से तथ्य सामने आए हैं और किन कारोबारियों या औद्योगिक समूहों से जुड़े वित्तीय रिकॉर्ड में क्या अनियमितताएं मिली हैं।

Chhattisgarh Income Tax Raid: पांच जिलों में एक साथ हुई इस बड़ी कार्रवाई पर कारोबारी जगत की नजर बनी हुई है। आयकर विभाग की जांच के बाद कई अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Netagiri

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!