- कोरबा: पत्नी की हत्या कर आत्महत्या का रूप देने वाला निकला पति, सिविल लाइन पुलिस ने 4 दिन में किया सनसनीखेज खुलासा
कोरबा। जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में 22 जुलाई को महिला की जली हुई लाश मिलने के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का मामला लग रहा था, लेकिन गहराई से जांच करने पर सामने आया कि महिला की हत्या उसी के पति ने की थी।
मृतका सुषमा खुसरो, पति अभिनेक लदेर निकला हत्यारा
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान सुषमा खुसरो, निवासी रामाकछार (थाना पाली) के रूप में हुई है। उसकी शादी अभिनेक कुमार लदेर से आर्य समाज मंदिर, बिलासपुर में हुई थी। दोनों गोकुल नगर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, कोरबा में किराए के मकान में रह रहे थे।
घटना वाले दिन यानी 22 जुलाई को सुबह पति-पत्नी के बीच फिल्म देखने की बात को लेकर कहासुनी हुई थी। पति ने पुलिस को बताया कि वह 11 बजे बैंक गया था और जब दोपहर 3 बजे लौटा तो घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला। बालकनी से झांकने पर धुंआ निकलता देख उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला की जली हुई लाश बरामद की।
—
शॉर्ट पीएम रिपोर्ट से खुला राज
पुलिस ने प्रारंभिक जांच में मर्ग क्रमांक 55/25 धारा 194 बीएनएसएस दर्ज किया और वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू की। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह स्पष्ट हुआ कि महिला की मौत दम घुटने से हुई थी, जिसके बाद शव को जलाया गया था। इस आधार पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 446/25 धारा 103(1) बीएनएस के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया।
—
65 सीसीटीवी और साइबर साक्ष्य से टूटा झूठ
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित 5 टीमों ने 65 से अधिक CCTV फुटेज, साइबर तकनीकी साक्ष्य, और लगातार पूछताछ के आधार पर पति अभिनेक कुमार लदेर (उम्र 25 वर्ष, निवासी छुईयापारा) को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ पर आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया।
आरोपी ने बताया कि पत्नी से विवाद के बाद उसने गुस्से में चुनरी से मुंह बांधा और तकिए से गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने कागज, कपड़ा और अखबार जलाकर शव को आग के हवाले कर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।
—
पूछताछ में सामने आया कि मृतका और आरोपी दोनों ग्राम पंचायत सचिव के पद पर कार्यरत थे। बच्चों को लेकर दोनों के बीच लगातार विवाद होता रहता था। आरोपी ने बताया कि वह पिछले तीन महीने से हत्या की योजना बना रहा था।


