छत्तीसगढ़
साइबर ठगों को किराए पर दिए थे बैंक अकाउंट्स:जशपुर में दो गिरफ्तार
जशपुर में साइबर अपराधियों को बैंक खाते किराए पर देने वालों के खिलाफ पहली बार कार्रवाई हुई है। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इन्होंने अपने बैंक खाते साइबर ठगों को किराए पर दिए थे।
पुलिस ने तीन अलग-अलग थानों में मामले दर्ज किए हैं। एसएसपी शशि मोहन सिंह के अनुसार, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया दुलदुला से 57,498 रुपये, इंडियन बैंक कुनकुरी से 50,000 रुपये और IDFC बैंक पत्थलगांव से 3 लाख रुपये की संदिग्ध लेनदेन सामने आई है।
गिरफ्तार आरोपियों में मकरिबंधा, चौकी करडेगा निवासी 20 वर्षीय खगेश्वर राम और जामचूवा, थाना नारायणपुर निवासी 45 वर्षीय मंजीत नायक शामिल हैं। दोनों ने पूछताछ में कबूल किया कि उन्होंने पैसों के बदले अपने बैंक खाते साइबर ठगों को दिए थे। अपराधियों ने उनके एटीएम कार्ड और मोबाइल नंबर भी अपने पास रख लिए थे।



