Dev Deepawali 2026 : दिवाली के 15 दिन बाद क्यों मनाई जाती है देव दीपावली’ जानिए महादेव की जीत से जुड़ी पौराणिक कथा

Dev Deepawali 2026 : नई दिल्ली। देशभर में आज यानी 24 नवंबर को देव दीपावली का पावन पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मनाए जाने वाले इस पर्व का धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व बेहद खास है। मान्यता है कि इस दिन सभी देवी-देवता स्वर्ग से धरती पर उतरकर भगवान शिव की नगरी काशी आते हैं और गंगा के पवित्र घाटों पर दीपदान करते हैं। इस खास अवसर पर वाराणसी के गंगा घाटों को लाखों मिट्टी के दीपों से रोशन किया जाता है। घाटों पर होने वाली दीपों की सजावट अद्भुत दृश्य प्रस्तुत करती है।
क्यों मनाई जाती है देव दीपावली?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, देव दीपावली का संबंध भगवान शिव और त्रिपुरासुर नामक राक्षस के वध से जुड़ा हुआ है। पौराणिक कथा के मुताबिक, त्रिपुरासुर ने अपनी शक्तियों के बल पर तीनों लोकों में आतंक मचा रखा था। उसके अत्याचारों से परेशान होकर देवी-देवताओं ने भगवान शिव से रक्षा की प्रार्थना की।

इसके बाद भगवान शिव ने कार्तिक पूर्णिमा के दिन त्रिपुरासुर का वध कर देवताओं को उसके आतंक से मुक्ति दिलाई। इस विजय के बाद सभी देवी-देवताओं ने प्रसन्न होकर भगवान शिव की नगरी काशी में दीप जलाकर उत्सव मनाया। इसी कारण इस दिन को देव दीपावली कहा जाता है। भगवान शिव को इस दिन त्रिपुरारी के नाम से भी पूजा जाता है।
दिवाली के 15 दिन बाद क्यों मनाया जाता है यह पर्व?
हिंदू पंचांग के अनुसार, दीपावली का त्योहार कार्तिक अमावस्या को मनाया जाता है, जबकि देव दीपावली कार्तिक पूर्णिमा के दिन आती है। अमावस्या के बाद शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा से पूर्णिमा तक लगभग 15 दिनों का अंतर होता है।
मान्यता है कि दीपावली मनुष्य की ओर से मनाया जाने वाला प्रकाश का पर्व है, जबकि देव दीपावली देवताओं की दिवाली है। इसी वजह से इसे दिवाली के करीब 15 दिन बाद मनाने की परंपरा है।



