
Netagiri.in—कोरबा-30 अक्टूबर 2025—*गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ब्लॉक हरदीबाजार ने एसईसीएल दीपका क्षेत्र में कार्यरत कलिंगा कंपनी के खिलाफ स्थानीय बेरोजगारों के साथ हो रहे अन्याय को लेकर आवाज बुलंद की है। पार्टी के ब्लॉक अध्यक्ष राधेश्याम आयम ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की है कि स्थानीय भू-विस्थापित किसान मजदूरों को पुनः रोजगार दिलाया जाए।
पार्टी ने अपने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि एसईसीएल दीपका क्षेत्र में कलिंगा कंपनी में कार्यरत करीब 20 स्थानीय मजदूरों को 25 सितंबर 2025 को बिना किसी पूर्व सूचना के कार्य से हटा दिया गया। उनकी जगह बाहर राज्य, विशेष रूप से ओडिशा से आए मजदूरों को नौकरी पर रख लिया गया है। इससे स्थानीय मजदूरों की रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है।
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि 10 दिनों के भीतर प्रशासन इस मामले में ठोस कार्यवाही नहीं करता और प्रभावित मजदूरों को काम पर पुनः नहीं रखवाता, तो ग्रामवासी व प्रभावित परिवार एसईसीएल दीपका क्षेत्र स्थित कलिंगा कंपनी में उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
पार्टी ने कहा कि क्षेत्र के मूल निवासियों को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार देना कंपनियों की जिम्मेदारी है, लेकिन बाहरी मजदूरों को प्राथमिकता देकर स्थानीय लोगों के हक से वंचित करना अन्याय है। इस मुद्दे पर प्रशासन की निष्क्रियता ग्रामीणों में असंतोष बढ़ा रही है।



