खबर का असर: दो दिन में बदली तस्वीर, सीईओ की गाड़ी में लगा नया नंबर प्लेट—सवाल अब भी क्या होगी कार्रवाई?

Netagiri.in____कोरबा। जिले में वीआईपी कल्चर और यातायात नियमों की अनदेखी को लेकर प्रकाशित खबर का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। खबर के प्रकाशन के महज दो दिन के भीतर ही जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) दिनेश कुमार नाग की गाड़ी में बदलाव कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, जिस वाहन को लेकर पहले बाहरी राज्य के टेंपरेरी नंबर और विवादित नंबर प्लेट को लेकर सवाल उठाए गए थे, उसमें अब ‘छत्तीसगढ़ शासन’ का नंबर प्लेट लगा दिया गया है।

गौरतलब है कि पूर्व में सामने आई खबर में वाहन पर झारखंड राज्य का अस्थायी नंबर अंकित होने, नंबर प्लेट पर ‘छत्तीसगढ़ शासन’ और ‘सीईओ’ लिखे होने तथा आपातकालीन बत्ती के उपयोग को लेकर सवाल उठाए गए थे। यह मामला सामने आने के बाद आम लोगों के बीच भी चर्चा का विषय बन गया था।

सूत्रों के मुताबिक, खबर प्रकाशित होने के बाद विभागीय स्तर पर हलचल तेज हुई और वाहन से जुड़ी अनियमितताओं को सुधारने की प्रक्रिया शुरू की गई। इसके बाद अब संबंधित गाड़ी में नया नंबर प्लेट लगाया गया है।
हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पूर्व में हुए नियमों के उल्लंघन को लेकर किसी प्रकार की जांच या कार्रवाई की जाएगी या नहीं। इस संबंध में संबंधित अधिकारी या विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या नियमों का पालन सभी के लिए समान रूप से सुनिश्चित किया जाएगा, या फिर ऐसे मामलों में केवल सुधार कर मामले को समाप्त मान लिया जाएगा।



