
Netagiri.in—-कोरबा, 19 अप्रैल 2026। औद्योगिक क्षेत्र कोरबा में स्थित हसदेव ताप विद्युत गृह (HTPP) के झाबू राखड़ डैम के फूटने से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। डैम की दीवार अचानक टूटने से राख का सैलाब बह निकला, जिसकी चपेट में आकर एक जेसीबी ऑपरेटर की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के समय मौके पर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। जानकारी के अनुसार, चीफ इंजीनियर देवनाथ, कार्यपालन अभियंता (ईई) चंचल ध्रुव और सहायक अभियंता (एई) चंद्रहास साहू निरीक्षण के लिए स्थल पर पहुंचे हुए थे। इसी दौरान डैम की दीवार ढह गई और हादसा हो गया।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, डैम में पहले से रिसाव की स्थिति बताई जा रही थी। इसके बावजूद कार्य जारी रहने और सुरक्षा उपायों में लापरवाही को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते क्षेत्र को खाली नहीं कराया गया, जिससे यह दुर्घटना हुई।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। लोगों ने घटना की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही, मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा और सहायता प्रदान करने की भी मांग उठ रही है।
प्रशासन की ओर से मामले की जांच के संकेत दिए गए हैं। वहीं, पर्यावरणीय प्रभाव और डैम की संरचनात्मक स्थिति को लेकर भी अब सवाल खड़े हो रहे हैं।


