
…..
Netagiri.in—कोरबा, 19 अप्रैल 2026। जिले के हरदी बाजार थाना क्षेत्र में भिलाई बाजार भाजपा मंडल अध्यक्ष दिनेश राठौर के खिलाफ गंभीर आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। उन पर सड़क पर वाहन रोककर दबंगई दिखाने, अभद्र व्यवहार करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगे हैं।
पुलिस को दी गई शिकायत में स्थानीय निवासी एवं वाहन चालक आनंद सिंह चौहान ने बताया कि 13 अप्रैल को वह अपने टिपर वाहन से रलिया से
अंधियारिपारा की ओर मिट्टी लेकर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में खड़े दिनेश राठौर ने कथित रूप से वाहन को जबरन रुकवाया और आगे बढ़ने से रोक दिया।

शिकायत के अनुसार, जब चालक ने इसे सार्वजनिक मार्ग बताते हुए आगे जाने की बात कही, तो आरोपी भड़क उठे और कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए अपमानित किया। आरोप है कि उन्होंने चालक को जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे भयभीत होकर वह वाहन लेकर वापस लौट गया।
घटना के बाद चालक ने हरदी बाजार थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 296 और 351(3) के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी अपने निजी वाहन में पुलिस सायरन का उपयोग कर क्षेत्र में दबदबा बनाने की कोशिश करते हैं, जिससे स्थानीय लोगों में भय का वातावरण बनता है।
घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र की राजनीति गरमा गई है। विपक्षी दलों ने निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है, वहीं भाजपा संगठन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
इसके अतिरिक्त, स्थानीय स्तर पर एसईसीएल गेवरा परियोजना से जुड़े मुआवजा और रोजगार मामलों में अनियमितताओं के आरोप भी समय-समय पर लगाए जाते रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल पूरा मामला पुलिस जांच के अधीन है। आरोपों की सत्यता जांच और कानूनी प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।


