KORBA : मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 10 फरवरी को 260 जोड़े बंधेंगे परिणय सूत्र में सीएसईबी फुटबॉल मैदान में भव्य आयोजन, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय देंगे ऑनलाइन आशीर्वाद
KORBA : मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 10 फरवरी को 260 जोड़े बंधेंगे परिणय सूत्र में

Netagiri.in___कोरबा। मुख्यमंत्री कन्या सामूहिक विवाह योजना अंतर्गत 10 फरवरी को सीएसईबी कोरबा पूर्व स्थित फुटबॉल मैदान में 260 बेटियों के हाथ पीले होंगे। वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए स्वीकृत लक्ष्य के अनुरूप यह सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में उद्योग, श्रम एवं आबकारी मंत्री श्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय समारोह से वर्चुअली जुड़कर नवदंपत्तियों को सुखद दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं देंगे। अन्य जनप्रतिनिधियों की भी उपस्थिति रहेगी।
जिला प्रशासन एवं महिला एवं बाल विकास विभाग आयोजन को भव्य और गरिमामय बनाने में जुटा है। कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। विभाग द्वारा प्राप्त आवेदनों का सत्यापन पूर्ण कर लिया गया है। इस वर्ष सभी चयनित जोड़े हिंदू समाज से हैं और विवाह वैदिक रीति-रिवाज से संपन्न कराया जाएगा।
योजना से मिल रहा निर्धन परिवारों को संबल
साल 2004 से संचालित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। महंगे दौर में जहां विवाह एक बड़ी जिम्मेदारी बन जाता है, वहीं यह योजना माता-पिता को आर्थिक चिंता से मुक्त करती है और बेटियों के भविष्य को सुरक्षित बनाने में सहायक है।
चालू वित्तीय वर्ष में प्रति जोड़ा 50 हजार रुपए की दर से 260 जोड़ों के लिए 1 करोड़ 30 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। योजना के तहत प्रत्येक जोड़े को 35 हजार रुपए का चेक प्रदान किया जाएगा, जबकि शेष 15 हजार रुपए से विवाह आयोजन, वस्त्र, श्रृंगार एवं दैनिक उपयोग की सामग्री की व्यवस्था की जाएगी।
जिले की 10 एकीकृत बाल विकास परियोजनाओं को 26-26 जोड़ों का लक्ष्य दिया गया है। सभी परियोजनाओं में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप तैयारी पूरी कर ली गई है।
डीपीओ बसंत मिंज ने बताया कि 10 फरवरी को होने वाले इस पुनीत आयोजन में जनसमुदाय की भागीदारी अपेक्षित है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर नवदंपत्तियों को आशीर्वाद प्रदान करें।


