नकटीखार में कच्ची शराब का अवैध कारोबार, ग्रामीणों ने उठाई आवाज जनदर्शन में सौंपा ज्ञापन, सख्त कार्रवाई की मांग

Netagiri.in___कोरबा। ग्राम नकटीखार में अवैध रूप से कच्ची शराब बनाने और बेचने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के कई मकानों में लंबे समय से यह अवैध कारोबार चल रहा है, जिससे सामाजिक माहौल खराब हो रहा है।
इस संबंध में ग्रामीणों ने कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और त्वरित कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि शाम होते ही गांव में बाहरी और स्थानीय शराबियों का जमावड़ा लग जाता है, जिससे महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि कई बार शिकायत के बाद आबकारी विभाग की टीम मौके पर पहुंचती है, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से अवैध कारोबार पर रोक नहीं लग पा रही है। विरोध करने पर शराब बेचने वालों को कुछ लोगों का समर्थन भी मिल जाता है, जिससे ग्रामीणों में भय का वातावरण बना हुआ है।
ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि नकटीखार में चल रहे अवैध शराब के कारोबार पर सख्ती से रोक लगाई जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।


