कोरबा: करंट लगने से नर हाथी की मौत, बिजली विभाग के लाइनमैन के खिलाफ FIR दर्ज
कोरबा। कोरबा जिले के कोरबा वन मण्डल अंतर्गत कुदमुरा और पसरखेत रेंज की सीमा पर करंट लगने से एक नर दंतैल हाथी की मौत हो गई। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बाद वन विभाग ने बिजली विभाग के लाइनमैन के खिलाफ प्रथम दृष्टया लापरवाही मानते हुए पीओआर (FIR) दर्ज की है।
बिजली विभाग को दी गई थी चेतावनी
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में लूज कनेक्शन और करंट प्रवाहित तारों के बारे में पहले ही बिजली विभाग को सूचित किया गया था। अधिकारियों ने उन्हें इन समस्याओं को जल्द ठीक करने का निर्देश दिया था। इसी क्रम में क्षेत्र में पदस्थ लाइनमैन आम्टे ने मौके का निरीक्षण भी किया था, लेकिन उसने इस समस्या को ठीक करने में लापरवाही बरती और तार को ठीक करने में कोई रुचि नहीं दिखाई।
लापरवाही से हुई हाथी की मौत
बार-बार कहने के बावजूद लाइनमैन ने तार को ठीक नहीं किया, और नतीजतन, करंट प्रवाहित तार की चपेट में आकर एक नर हाथी की मौत हो गई। वन विभाग ने इस घटना के लिए बिजली विभाग के लाइनमैन को जिम्मेदार ठहराते हुए उसके खिलाफ भारतीय वन अधिनियम के तहत पीओआर दर्ज किया है।



