कोरबा में रहस्यमयी मौत: ASI का बेटा चार दिन से था लापता, डेम में मिली लाश

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दर्री डेम से एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बांगो थाना में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक (ASI) धनंजय सिंह के 21 वर्षीय बेटे अर्जुन सिंह के रूप में हुई है। वह 18 नवंबर से लापता था। मछुआरों ने प्रगतिनगर स्थित दर्री डेम में उसका शव तैरते हुए देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। फिलहाल युवक की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

मछली पकड़ने पहुंचे मछुआरों ने देखा शव
जानकारी के मुताबिक, कुछ मछुआरे मछली पकड़ने के लिए दर्री डेम पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर पानी में तैर रहे एक युवक के शव पर पड़ी। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना दर्री पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मछुआरों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया।
घटनास्थल पर बांगो थाना में पदस्थ ASI धनंजय सिंह को भी बुलाया गया। उन्होंने शव की पहचान अपने बेटे अर्जुन सिंह के रूप में की। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
18 नवंबर को कॉलेज जाने के लिए निकला था अर्जुन
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अर्जुन सिंह 18 नवंबर को घर से बाइक लेकर कॉलेज जाने के लिए निकला था, लेकिन वह कॉलेज नहीं पहुंचा। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल पाया।
चार दिन बाद दर्री डेम में उसका शव मिलने से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
मोबाइल की आखिरी लोकेशन दर्री डेम के पास मिली
जांच के दौरान सामने आया है कि अर्जुन के मोबाइल फोन की आखिरी लोकेशन दर्री डेम के आसपास मिली थी। हालांकि, पुलिस को अब तक उसका मोबाइल फोन और बाइक बरामद नहीं हुई है। ऐसे में युवक डेम तक कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई, यह जांच का विषय बना हुआ है।
मौत की वजह जानने में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। पुलिस युवक के लापता होने से लेकर शव मिलने तक की परिस्थितियों की जांच कर रही है। मोबाइल और बाइक की तलाश भी जारी है।



