Suhana Khan King Movie First Look: ‘किंग’ के पहले गाने में दिखी रहस्यमयी लड़की, क्या यही हैं शाहरुख खान की बेटी सुहाना?

Suhana Khan King Movie First Look: शाह रुख खान की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘किंग’ (King) इन दिनों लगातार चर्चा में बनी हुई है। फिल्म में शाह रुख खान के साथ दीपिका पादुकोण और उनकी बेटी सुहाना खान भी नजर आने वाली हैं। वहीं, 2 नवंबर को शाह रुख खान के जन्मदिन के खास मौके पर फिल्म का पहला गाना ‘तू मिल जाए’ रिलीज किया गया। इस रोमांटिक गाने में शाह रुख और दीपिका की शानदार केमिस्ट्री देखने को मिली। लेकिन गाने में नजर आई एक मिस्ट्री गर्ल ने फैंस का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।

फिल्म ‘किंग’ के पहले गाने ‘तू मिल जाए’ में शाह रुख खान और दीपिका पादुकोण के रोमांटिक अंदाज को दर्शकों का खूब प्यार मिल रहा है। इसी बीच गाने के एक सीन में आग की लपटों से घिरे घर के सामने खड़ी एक लड़की दिखाई देती है। इस लड़की का चेहरा साफ नजर नहीं आ रहा है, जिसके बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
कई सोशल मीडिया यूजर्स का मानना है कि यह लड़की कोई और नहीं बल्कि सुहाना खान हैं। फैंस इसे फिल्म में सुहाना की पहली झलक बता रहे हैं। हालांकि, मेकर्स की तरफ से अभी तक इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
सुहाना खान के लुक पर फैंस ने किए कमेंट
मिस्ट्री गर्ल की तस्वीर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस लगातार अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, ‘सुहाना खान?’ वहीं, दूसरे यूजर ने भी अंदाजा लगाया कि यह लड़की सुहाना ही हैं। एक अन्य फैन ने इसे प्रिंसेज सुहाना खान की पहली झलक बताया।
इस तरह गाने के एक छोटे से सीन ने फैंस के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है। अब दर्शकों को इंतजार है कि फिल्म के मेकर्स सुहाना खान के लुक को लेकर कब आधिकारिक जानकारी साझा करते हैं।
खूब पसंद किया जा रहा ‘किंग’ का पहला गाना
शाह रुख खान के जन्मदिन पर रिलीज हुआ फिल्म ‘किंग’ का पहला गाना ‘तू मिल जाए’ दर्शकों के बीच चर्चा में है। यह एक रोमांटिक डांस ट्रैक है, जिसे अरिजीत सिंह और मधुबंती बागची ने अपनी आवाज दी है। गाने का संगीत सचिन-जिगर ने तैयार किया है, जबकि इसके बोल कुमार ने लिखे हैं।
गाने की कोरियोग्राफी पीयूष-शाजिया ने की है। इसकी एक और खास बात इसमें शामिल इंग्लिश रैप का हिस्सा है, जिसे एड शिरीन ने गाया है। फिलहाल गाने में नजर आई मिस्ट्री गर्ल और सुहाना खान के संभावित लुक को लेकर फैंस के बीच चर्चाएं जारी हैं।



