
Netagiri.in__ .Renu jaiswal…..कोरबा…रामपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कोलगा में ग्रामीणों पर दर्ज एफआईआर के विरोध में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कोरबा सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह कोई व्यक्तिगत लड़ाई नहीं, बल्कि सामाजिक और आदिवासी अस्तित्व की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों पर दर्ज
एफआईआर निशर्त वापस होगी और इस संबंध में उन्होंने डीएफओ से भी साफ तौर पर बात कर दी है।
सांसद महंत ने कहा कि ग्रामीण अपनी धरती मां, जल, जंगल और जमीन को बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं और इस लड़ाई में कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती से उनके साथ खड़ी है। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि कोई भी दमनात्मक कार्रवाई नहीं होने दी जाएगी।
सभा को संबोधित करते हुए सांसद महंत ने कहा कि सभी धर्मों का मूल संदेश प्रेम है। प्रेम और अहिंसा से ही बड़ी से बड़ी लड़ाई जीती जा सकती है। उन्होंने महात्मा गांधी का उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे अंग्रेजों को अहिंसा से देश छोड़ने पर मजबूर किया गया, वैसे ही आज प्रकृति का शोषण करने वालों के खिलाफ भी शांतिपूर्ण संघर्ष किया जाएगा।
सांसद ने कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो वे स्वयं और विधायक फूलसिंह राठिया धरने पर बैठेंगे, विधानसभा का घेराव करेंगे, लेकिन ग्रामीणों के जल, जंगल और जमीन को नुकसान नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि अगर आगे एफआईआर होती है तो वह सांसद ज्योत्सना महंत और विधायक राठिया पर होनी चाहिए, ग्रामीणों पर नहीं।
डबल इंजन की सरकार पर तीखा हमला
सांसद महंत ने केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार पर आदिवासी विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि आदिवासियों का जीवन जल, जंगल और जमीन पर आधारित है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में बैठी नरेंद्र मोदी सरकार और छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार आदिवासियों के पूज्य जंगलों को कटवा रही है, जो सीधे तौर पर आदिवासी संस्कृति पर हमला है।
एक पेड़ माँ के नाम, लाखों पेड़ दोस्त के नाम
सांसद ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री एक ओर “एक पेड़ माँ के नाम” लगाने की बात करते हैं, वहीं दूसरी ओर अदानी जैसे उद्योगपतियों के लिए लाखों पेड़ कटवाए जा रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि पेड़ किसकी अनुमति से और किस उद्देश्य से काटे जा रहे हैं। उन्होंने इसे मनमानी और तानाशाही करार देते हुए कहा कि कांग्रेस इसका पुरजोर विरोध करेगी।
कांग्रेस नेताओं ने भी किया संबोधन
कार्यक्रम में रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया, पीसीसी संयुक्त महामंत्री हरीश परसाई और कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनोज चौहान ने भी ग्रामीणों को संबोधित करते हुए आंदोलन को समर्थन देने की घोषणा की।
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि किरण चौरसिया, पोषक दास महंत, सरपंच संतराम राठिया, गंभीर सिंह, बाबूलाल, अजीज खान, प्रवीण ओग्रे, जय किशन, लखन घृतलहरे, कन्हैया भाई, सुशीला राठिया, कुमारी बाई, दसमेत राठिया, जानकी बाई सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



