
Netagiri.in___कोरबा, 18 दिसम्बर 2025____कोरबा जिले के 18वें कलेक्टर के रूप में अजीत वसंत का कार्यकाल प्रशासनिक संवेदनशीलता, दूरदर्शी निर्णयों और जनहितकारी सोच का एक सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया है। 4 जनवरी 2024 को पदभार ग्रहण करते ही उन्होंने यह स्पष्ट कर दिया था कि उनका उद्देश्य केवल शासनादेशों का पालन नहीं, बल्कि आमजन के जीवन में वास्तविक और सकारात्मक बदलाव लाना होगा। लगभग दो वर्षों के उनके कार्यकाल में यह संकल्प जमीन पर उतरता स्पष्ट दिखाई दिया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के दिशा-निर्देशन एवं मंत्री लखनलाल देवांगन के मार्गदर्शन में श्री वसंत ने डीएमएफ फंड का सुव्यवस्थित, पारदर्शी और दूरदर्शी उपयोग सुनिश्चित किया। पूर्व में डीएमएफ को लेकर बनी आशंकाओं से परे जाकर उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मूलभूत क्षेत्रों को प्राथमिकता दी, जिससे कोरबा के विकास को ठोस दिशा मिली।
शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक पहल
कलेक्टर अजीत वसंत ने शिक्षा को जिले के भविष्य की नींव मानते हुए कई अभिनव निर्णय लिए। शिक्षकविहीन स्कूलों में डीएमएफ से शिक्षकों एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की व्यवस्था, कमजोर विद्यार्थियों के लिए रेमेडियल कक्षाओं की शुरुआत, दसवीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को रायपुर में नीट व जेईई की आवासीय कोचिंग, तथा बारहवीं के मेधावी छात्रों को उच्च संस्थानों में प्रवेश हेतु आर्थिक सहायता—इन सभी प्रयासों ने जिले के हजारों विद्यार्थियों के सपनों को पंख दिए।
दुर्गम वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने की प्रतिबद्धता
पहाड़ी कोरवा एवं बिरहोर समाज के शिक्षित युवाओं को रोजगार से जोड़ने, स्वास्थ्य विभाग में नियुक्तियां सुनिश्चित करने तथा दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षकों और स्वास्थ्य कर्मियों के लिए आवासीय सुविधाओं की स्वीकृति जैसे निर्णयों ने श्री वसंत को एक संवेदनशील और समावेशी प्रशासक के रूप में स्थापित किया।
जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन
उन्होंने अपने कार्यकाल की शुरुआत में ही यह स्पष्ट किया था कि शासन की योजनाओं का शत-प्रतिशत और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। पीएम जनमन योजना, विकसित भारत संकल्प यात्रा सहित विभिन्न योजनाओं की नियमित समीक्षा कर उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे। लोकसभा एवं नगरीय निकाय निर्वाचन की तैयारियों में भी उनके कुशल नेतृत्व ने प्रशासन को सजग, पारदर्शी और समयबद्ध बनाए रखा।
अधोसंरचना और आवागमन को मिली नई गति
डीएमएफ के माध्यम से शासकीय स्कूलों में सुबह के नाश्ते की व्यवस्था, आंगनबाड़ी व स्कूलों में गैस चूल्हों की सुविधा, जर्जर भवनों के स्थान पर नए भवनों की स्वीकृति, नए पीडीएस और पंचायत भवनों का निर्माण तथा वर्षों से खराब पड़ी चिर्रा–श्यांग जैसी सड़कों सहित दूरस्थ क्षेत्रों को जोड़ने वाली सड़कों, पुलों और पुलियों की स्वीकृति ने जिले की तस्वीर बदलने की नींव रखी।
अनुभव और प्रशासनिक कौशल का उत्कृष्ट समन्वय
नारायणपुर, मुंगेली में कलेक्टर, जांजगीर-चांपा व राजनांदगांव में जिला पंचायत सीईओ, भौमिकी एवं खनिज विभाग के संचालक सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके श्री वसंत के व्यापक अनुभव का लाभ कोरबा को मिला। निर्वाचन जैसे संवेदनशील दायित्वों का सफल संचालन इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है।
जनता से सीधा संवाद करने वाला प्रशासक
कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और त्वरित निर्णय क्षमता के कारण श्री अजीत वसंत एक ऐसे कलेक्टर के रूप में याद किए जाएंगे, जो फाइलों तक सीमित नहीं रहे, बल्कि सीधे जनता से जुड़कर समस्याओं का समाधान करने में जाने जायेंगे



