
Netagiri.in—कोरबा। जिले के बालको थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में घर के भीतर फंदे पर लटकी हुई लाश मिली है। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतिका की करीब चार वर्ष पूर्व एक शादीशुदा युवक से पहचान हुई थी। इसके बाद महिला ने अपने पति से तलाक ले लिया और उसी युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगी थी। शुक्रवार को महिला का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद महिला का प्रेमी उसे तत्काल फंदे से उतारकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।


