
Netagiri.in___कोरबा। बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में सीमांकन प्रतिवेदन में कथित छेड़छाड़ के मामले में राजस्व विभाग के तीन सेवानिवृत्त अधिकारियों को न्यायालय के निर्देश पर गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार किए गए अधिकारियों में भूषण लाल डिक्सेना (सेवानिवृत्त आरआई), रामसेवक सोनी (सेवानिवृत्त नायब तहसीलदार) और हरिशंकर यादव (सेवानिवृत्त सहायक अधीक्षक, भू-अभिलेख) शामिल हैं। सभी को कटघोरा न्यायालय में पेश किए जाने के बाद जमानत न मिलने पर उपजेल कटघोरा भेज दिया गया है।
मामला वर्ष 2016 का है। बांकी चौक मुख्य मार्ग स्थित रामकरण अग्रवाल की जमीन पर दिनेश अग्रवाल सहित 13 अन्य व्यापारियों द्वारा कथित कब्जे की शिकायत के बाद कलेक्टर के निर्देश पर जिला स्तरीय सीमांकन टीम गठित की गई थी। 3 मार्च 2016 को भू-अभिलेख अधीक्षक जे.पी. सिंह समेत संबंधित अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सीमांकन किया और अवैध कब्जेदारों के नाम व कब्जे का रकबा प्रतिवेदन में दर्ज किया।
आरोप है कि बाद में सीमांकन प्रतिवेदन में छेड़छाड़ कर एक आरोपी को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से दर्ज रकबा शून्य कर दिया गया। पीड़ित पक्ष द्वारा मौके पर लिए गए फोटो और नकल शाखा से प्राप्त प्रतिवेदन में अंतर पाए जाने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस ने वर्ष 2018 में धारा 420, 467, 468 और 471 के तहत अपराध दर्ज कर तत्कालीन भू-अभिलेख अधीक्षक जे.पी. सिंह को गिरफ्तार किया था, जो वर्तमान में जमानत पर हैं। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर पीड़ित ने उच्च न्यायालय बिलासपुर में रिट याचिका दायर की। न्यायालय के निर्देश के बाद अब तीनों अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया है।
प्रकरण में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी अभी शेष बताई जा रही है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।


