
कोरबा में आवारा कुत्तों का आतंक एक मासूम की जिंदगी पर भारी पड़ गया। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के दादर में 5 वर्षीय बच्चे पर कुत्तों के झुंड ने ऐसा हमला किया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में गम और गुस्से का माहौल
मृतक की पहचान प्रकाश पटेल (5) के रूप में हुई है, जो पहली कक्षा का छात्र था। उसका परिवार मूल रूप से जांजगीर-चांपा का रहने वाला है और वर्तमान में दादर क्षेत्र में मजदूरी कर जीवन-यापन कर रहा है।
बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम बच्चा अपने पिता से मिलने निर्माण स्थल पहुंचा था। वापस घर लौटते समय रास्ते में 5 से 6 आवारा कुत्तों ने उसे घेर लिया और बुरी तरह नोच डाला। बच्चे की चीख सुनकर पिता मौके पर पहुंचे और किसी तरह कुत्तों को भगाकर उसे जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर मानिकपुर चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नगर निगम और जिला प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि इलाके में लंबे समय से आवारा कुत्तों का आतंक बना हुआ है। कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों ने आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए तत्काल विशेष अभियान चलाने की मांग की है।


