
Netagiri.in___कोरबा। शहर के घण्टाघर क्षेत्र स्थित आई.डी.एस.एम.टी. कॉम्पलेक्स में संचालित “द चाय बार” के खिलाफ नगर निगम आयुक्त से लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत में दुकान संचालक पर अवैध अतिक्रमण करने तथा सार्वजनिक सुविधाओं पर कब्जा जमाने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

शिकायतकर्ता ने बताया कि बिलासा ब्लड बैंक के समीप स्थित इस कॉम्पलेक्स में “द चाय बार” नामक दुकान का संचालन किया जा रहा है, जहां संचालक द्वारा सार्वजनिक उपयोग के लिए बनी सीढ़ियों पर दीवार खड़ी कर रास्ता बंद कर दिया गया है। इतना ही नहीं, निगम के बरामदे को भी दुकान में शामिल कर व्यावसायिक उपयोग में लिया जा रहा है, जिससे आम नागरिकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
![]()
![]()
![]()
मामले में यह भी गंभीर आरोप लगाया गया है कि उक्त स्थल पर नाबालिग स्कूली छात्र-छात्राओं को धूम्रपान करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। जबकि दुकान के आसपास 100 मीटर के दायरे में कई शिक्षण संस्थान और कोचिंग सेंटर संचालित हैं, जिससे छात्रों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ने की आशंका जताई गई है।
शिकायत पत्र में नगर निगम से मांग की गई है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए “द चाय बार” संचालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाए तथा किए गए अवैध अतिक्रमण को तत्काल हटाकर सीढ़ियों और सार्वजनिक मार्ग को पुनः चालू कराया जाए।
स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन से इस मामले में त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा जताई है, ताकि सार्वजनिक सुविधाएं बहाल हो सकें और छात्रों का भविष्य सुरक्षित रह सके।



