कोरबा जंगल में दो युवकों के शव पेड़ पर लटके मिले, इलाके में सनसनी
कोरबा। जिले के बाल्को थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलाकछार जंगल से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां दो युवकों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ पर लटके हुए पाए गए, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
मृतकों की पहचान प्रमोद कंवर (पिता– राजेंद्र कंवर) और अमित बनर्जी (पिता– दीपक बनर्जी) के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि स्थानीय लोगों ने जंगल के भीतर पेड़ पर दोनों के शव लटके देखे, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। पुलिस आत्महत्या सहित अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
फिलहाल आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।


