
Netagiri.in—-नई दिल्ली/रायपुर। छत्तीसगढ़ कैडर के 2011 बैच के आईपीएस अधिकारी संतोष सिंह को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर बड़ी और अहम जिम्मेदारी मिली है। उन्हें दिल्ली मेट्रो में CISF के डीआईजी के रूप में पदस्थ किया गया है। अब देश की राजधानी की लाइफलाइन कही जाने वाली दिल्ली मेट्रो के विशाल नेटवर्क और लाखों यात्रियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी उनके कंधों पर होगी।
दिल्ली मेट्रो देश की सबसे महत्वपूर्ण शहरी परिवहन व्यवस्थाओं में शामिल है। दिल्ली के साथ उत्तर प्रदेश और हरियाणा के शहरों को जोड़ने वाले इस नेटवर्क में 271 स्टेशन हैं और प्रतिदिन लाखों यात्री सफर करते हैं। ऐसे संवेदनशील और विशाल नेटवर्क की सुरक्षा की जिम्मेदारी मिलना संतोष सिंह के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
नौ जिलों में SP/SSP की कमान, अब दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा
संतोष सिंह छत्तीसगढ़ के रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, राजनांदगांव, कोरिया, रायगढ़, महासमुंद, नारायणपुर और कोंडागांव में एसपी/एसएसपी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
इसके अलावा वे सुकमा में एएसपी और दुर्ग में सीएसपी भी रह चुके हैं। यानी छत्तीसगढ़ के मैदानी और चुनौतीपूर्ण इलाकों में पुलिसिंग का लंबा अनुभव उनके पास है।
सामुदायिक पुलिसिंग से बनाई अलग पहचान
संतोष सिंह को अपनी संवेदनशील, अनुशासित और सामुदायिक पुलिसिंग के लिए जाना जाता है। उन्होंने पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने तथा जनता में पुलिस के प्रति भरोसा मजबूत करने की दिशा में कई प्रयोग किए हैं।
रणनीतिक सुरक्षा का भी अनुभव
केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के दौरान वे हैदराबाद में डीआईजी साउथ जोन-2 की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। इस भूमिका में आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और उत्तरी कर्नाटक के औद्योगिक एवं रणनीतिक प्रतिष्ठानों तथा पूर्वी तट के बंदरगाहों की सुरक्षा से जुड़े दायित्व उनके पास रहे।
अब दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा की नई जिम्मेदारी उनके सुरक्षा प्रबंधन के अनुभव को और व्यापक बनाएगी।
17 सितंबर को 82.45 लाख यात्रियों का रिकॉर्ड
दिल्ली मेट्रो की व्यापकता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि 17 सितंबर को एक ही दिन में करीब 82.45 लाख यात्रियों की आवाजाही दर्ज की गई। इतने बड़े यात्री नेटवर्क की सुरक्षा अपने आप में बड़ी चुनौती है।
ऐसे में छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों में कानून-व्यवस्था संभाल चुके और रणनीतिक सुरक्षा का अनुभव रखने वाले आईपीएस संतोष सिंह की नई नियुक्ति को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के रूप में देखा जा रहा है।
छत्तीसगढ़ की पुलिसिंग से दिल्ली की हाई-प्रोफाइल सुरक्षा तक—IPS संतोष सिंह ने एक बार फिर बड़ी जिम्मेदारी अपने नाम की है।
नेटागिरी न्यूज़ | आपका भरोसा हमारी पहचान



