ADANI - HALF PAGE_page-0001
ADANI - HALF PAGE_page-0001
छत्तीसगढ़

जॉइंट डायरेक्टर से दिनदहाड़े लूट ,बेटी की शादी के लिए निकाले थे साढ़े 3 लाख

बिलासपुर ,छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) के जॉइंट डायरेक्टर से दिनदहाड़े लूट हो गई। बताया जा रहा है कि बाइक सवार लुटेरे 3 लाख 50 हजार रुपए लूटकर भाग गए। वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई है। लुटेरे अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। मामला सदर बाजार का है।

मिली जानकारी के मुताबिक पीड़ित वैवाहिक आयोजन को लेकर गहने खरीदने आए थे। पैसों से भरा थैला लेकर पैदल चल रहे थे, तभी पीछे से आ रहे बाइक सवार 2 युवकों ने उनका थैला छीन लिया। लूट की यह वारदात शहर के सबसे व्यस्ततम इलाका सदर बाजार में हुई है।

दरअसल, सरकंडा के खमतराई में रहने वाले अवनीश सोनी कोनी स्थित आईटीआई के जॉइंट डायरेक्टर हैं। उनके परिवार में बेटी की शादी है। गुरुवार को वो अपने बेटे को लेकर मध्यनगरी चौक स्थित बैंक गए, जहां से 3 लाख 50 हजार रुपए निकालकर बेटे के साथ सदर बाजार पहुंचे। इस दौरान उनका बेटा कार में ही बैठा था।

जॉइंट डायरेक्टर अवनीश सोनी को अचानक हुई इस घटना के बाद कुछ समझ नहीं आया। उन्होंने तत्काल शोर मचाते हुए घटना की जानकारी लोगों को दी, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। इस बीच बाइक सवार लुटेरे भाग निकले।

भीड़भाड़ वाले बाजार में लूट की वारदात सामने आते ही पुलिस के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस की टीम ने शहर के अलग-अलग चौक-चौराहों पर नाकेबंदी भी की, लेकिन पुलिस लुटेरों को पकड़ने में नाकाम रही।

सदर बाजार में पूरे दिन लोगों की भीड़ लगी रहती है। विशेषकर शाम को जाम की स्थिति बन जाती है, जिस समय लूट की वारदात हुई, उस समय भी बाजार में लोगों की चहल-पहल थी। इस घटना के बाद व्यापारियों की भीड़ जुट गई। वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Netagiri

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!