Khandwa Earthquake: मध्य प्रदेश में भूकंप के झटकों से दहशत, जानें कहां था इसका केंद्र

Khandwa Earthquake: मध्य प्रदेश के खंडवा और आसपास के क्षेत्रों में शनिवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। सुबह करीब 9:15 बजे आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.5 दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र खरगोन जिले के धौलकोट-कुंडिया क्षेत्र में बताया गया है। झटके महसूस होने के बाद कई इलाकों में लोग घरों से बाहर निकल आए।

खंडवा में सुबह 9:15 बजे आया भूकंप
मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में शनिवार, 14 नवंबर 2026 की सुबह अचानक धरती कांपने लगी। सुबह करीब 9 बजकर 15 मिनट 28 सेकेंड पर आए भूकंप के झटके खंडवा सहित आसपास के कई क्षेत्रों में महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.5 मापी गई।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, भूकंप का केंद्र खरगोन जिले के धौलकोट-कुंडिया क्षेत्र में था। यह स्थान खंडवा जिला मुख्यालय से करीब 88 किलोमीटर दूर बताया जा रहा है। भूकंप का केंद्र जमीन से लगभग 10 किलोमीटर की गहराई में होने की जानकारी सामने आई है।
CG NEWS : सरगुजा में कबरा हाथी का आतंक, 14 स्कूलों में छुट्टी घोषित, रेस्क्यू के लिए वन विभाग अलर्ट
इन इलाकों में भी महसूस किए गए भूकंप के झटके
भूकंप के झटके केवल खंडवा तक सीमित नहीं रहे। खरगोन जिले के कसरावद, झिरनिया, चैनपुर, खलबुजुर्ग और गोगांव सहित आसपास के क्षेत्रों में भी लोगों ने धरती में कंपन महसूस किया।
अचानक आए झटकों से लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई लोग एहतियात के तौर पर अपने घरों से बाहर निकल आए। खरगोन के एसडीएम सत्येंद्र बैरवा के अनुसार, क्षेत्र के कई स्थानों से भूकंप के झटके महसूस होने की सूचना मिली है। फिलहाल संबंधित भूकंप मापी केंद्र से विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
अगले दो से तीन दिनों तक सतर्क रहने की सलाह
कृषि एवं मौसम विशेषज्ञ डॉ. सौरव गुप्ता ने बताया कि 14 नवंबर की सुबह भूकंप आया था। उन्होंने लोगों को आगामी दो से तीन दिनों तक सजग और सतर्क रहने की सलाह दी है।
हालांकि, भूकंप से जुड़ी आधिकारिक प्रशासनिक पुष्टि और विस्तृत जानकारी का इंतजार है। फिलहाल किसी बड़े नुकसान या जनहानि की जानकारी सामने नहीं आई है।
भूकंप आने पर क्या करें?
भूकंप के दौरान घबराने के बजाय सावधानी बरतना जरूरी है। विशेषज्ञों के अनुसार, भूकंप के झटके महसूस होने पर इन बातों का ध्यान रखें।
- घर के अंदर होने पर मजबूत मेज के नीचे बैठकर सिर और गर्दन को सुरक्षित रखें।
- खिड़कियों, कांच और भारी फर्नीचर से दूर रहें।
- यदि बाहर हैं तो इमारतों, बिजली के खंभों और पेड़ों से दूर खुले स्थान पर जाएं।
- भूकंप के दौरान लिफ्ट का इस्तेमाल बिल्कुल न करें।
- झटके रुकने के बाद सुरक्षित तरीके से सीढ़ियों का इस्तेमाल करके बाहर निकलें।
- प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
- किसी भी अपुष्ट खबर या अफवाह पर भरोसा न करें।




