कोरबा नगर निगम में बड़ा फेरबदल, रामेश्वर सिंह कंवर को मिला महापौर कार्यालय का अतिरिक्त प्रभार

सचिन तिवारी को कोरबा जोन की जिम्मेदारी
जारी आदेश के अनुसार, सहायक राजस्व अधिकारी सचिन तिवारी को महापौर कार्यालय से संबंधित कार्यों से मुक्त करते हुए उप जोन प्रभारी, कोरबा जोन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

वहीं राजस्व निरीक्षक अजय कुमार अग्रवाल को कोरबा जोन से कोसाबाड़ी जोन, अविनाश जायसवाल को कोसाबाड़ी जोन से बालको जोन और संजय सिंह ठाकुर को बालको जोन से सर्वमंगला नगर जोन में पदस्थ किया गया है।
पुखराज यादव बने दर्री जोन के उप जोन प्रभारी
राजस्व निरीक्षक पुखराज यादव को सर्वमंगला नगर जोन से दर्री जोन का उप जोन प्रभारी बनाया गया है। इसी तरह राजस्व उप निरीक्षक महेश्वर सिंह की दर्री जोन में उनके मूल पद पर पदस्थापना की गई है।
निगम सचिव को महापौर कार्यालय का अतिरिक्त प्रभार
आदेश में निगम सचिव रामेश्वर सिंह कंवर को अपने नियमित दायित्वों के साथ महापौर कार्यालय से संबंधित समस्त कार्यों के निष्पादन की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
निगम प्रशासन के इस फेरबदल के बाद अब कोरबा नगर निगम के अलग-अलग जोन में राजस्व संबंधी कार्यों का संचालन नई जिम्मेदारियों के अनुसार होगा।


